Wed. Jul 1st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा विकास भवन सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित लखपति दीदी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण को लेकर जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति (डीएलएससी) की बैठक मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी ने बताया कि जिले में अब तक 28,364 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि इन महिलाओं की आय निरंतर बनी रहे, इसके लिए उन्हें प्रभावी आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लखपति दीदियों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में विकासखंडवार लखपति दीदियों की प्रगति और कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को एकीकृत खेती की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को 8,408 नई लखपति दीदी तैयार करने का लक्ष्य मिला है। इसके तहत ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम-स्टे और पर्यटन स्थलों के विकास की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गेंदा और गुलाब जैसे सुगंधित एवं व्यावसायिक फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी एस.के. पंत सहित उद्यान, कृषि, पशुपालन, दुग्ध, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता, ग्रामोत्थान परियोजना, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अधिकारी, सभी ब्लॉक मिशन प्रबंधक (एनआरएलएम) उपस्थित रहे। वहीं सभी खंड विकास अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।