Wed. Jul 1st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 30 जून युवा कांग्रेस जनपद अल्मोड़ा के नेतृत्व में मंगलवार को चौघानपाटा से शहीद पार्क (शिखर चौराहा) तक विशाल ‘युवा आक्रोश मशाल जुलूस’ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड में पिछले वर्षों के भर्ती घोटालों, परीक्षा अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक और भर्ती विवादों ने लाखों छात्रों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाया जाए।
उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसका नाम सार्वजनिक किया जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
मशाल जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “पेपर चोर, गद्दी छोड़”, “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “छात्र-युवा विरोधी सरकार नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश और देश में और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट, प्रदेश महासचिव प्रदीप बिष्ट, जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, प्रदेश महासचिव किरण आर्या, राष्ट्रीय समन्वयक नरेंद्र यादव, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, गौरव सतवाल, संतोष कुमार, रितिक नयाल, भुवन दोसाद, शशांक बिष्ट, इसरार अहमद, पार्षद गुंजन चम्याल, मुकेश डेनी, अनूप भारती, रोहित पंत, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शोभा जोशी, पियूष बिष्ट, विनय कनवाल, विशाल पडियार, विशाल कनवाल, शरद शाह, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष दीपा शाह, फेमिना खान, पार्षद वैभव पांडे, व्यापारी नेता सुशील शाह, मोनू उप्रेती, पंकज रावत, हर्षित सिंह बिष्ट, अख्तर हुसैन, कमलेश बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, छात्र और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।