Sat. Jul 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर उठ रही उपभोक्ताओं की चिंताओं के बीच शनिवार को युवा कांग्रेस ने अल्मोड़ा में प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार से इस विषय पर स्पष्ट जवाब मांगा। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के प्रभावों पर पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट ने कहा कि हाल के दिनों में आम जनता, वाहन चालकों, किसानों और व्यापारियों से बातचीत के दौरान एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि कुछ वाहनों का माइलेज कम हुआ है, इंजन के प्रदर्शन में दिक्कतें आई हैं तथा रखरखाव का खर्च बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यदि इन शिकायतों में तथ्य हैं तो सरकार को इस विषय पर वैज्ञानिक एवं पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ने मांग की कि एथेनॉल मिश्रण के प्रभावों पर किए गए वैज्ञानिक अध्ययन सार्वजनिक किए जाएं, वाहन मालिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, यदि किसी वाहन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तो उसके समाधान और जिम्मेदारी की स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए तथा उपभोक्ताओं को ईंधन की गुणवत्ता और उसमें एथेनॉल मिश्रण की पूरी जानकारी दी जाए। संगठन ने यह भी कहा कि जब पेट्रोल की कीमतों में कोई राहत नहीं दी जा रही है तो उपभोक्ताओं को गुणवत्ता की भी गारंटी मिलनी चाहिए।
गोपाल भट्ट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से कई वादे किए थे, लेकिन आज आम जनता महंगाई और अन्य समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को पारदर्शिता बरतनी चाहिए और जनता की शंकाओं का समाधान करना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की चिंताओं का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में इस मुद्दे पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव प्रदीप बिष्ट, प्रदेश महासचिव किरन आर्या, जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, फेमिना खान, छात्रसंघ कोषाध्यक्ष विनय कनवाल, विशाल पड़ियार, आशीष संतोलिया, रोहित पंत, अर्जुन सिंह, अमित रावत, विशाल आर्य, मोहित सकलानी सहित युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।