जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले विभागों पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित विभागवार समीक्षा बैठक में शिकायतों के निस्तारण की धीमी प्रगति पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी समस्या का वास्तविक और प्रभावी समाधान किया जाए।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की शिकायतों के निस्तारण की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही इन नोटिसों को संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया जाए, ताकि विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी विभागों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने तथा भविष्य में किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.एन. तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
