जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद और उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में 8 जुलाई से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नैनीताल में बारिश के साथ घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली प्रसिद्ध माल रोड इन दिनों लगभग सुनसान दिखाई दे रही है। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी साफ नजर आ रहा है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन 10 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
लगातार वर्षा के कारण जनपद में दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों की टीमें युद्धस्तर पर मार्ग खोलने में जुटी हैं ताकि यातायात जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके।
घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को दिन के समय भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं, लगातार बारिश से नैनी झील का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं की भी लगातार सूचनाएं मिल रही हैं।
लगातार हो रही बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं तापमान में गिरावट के कारण ठंड भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
