Thu. Jul 16th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU), हल्द्वानी द्वारा आयोजित ‘हरेला महोत्सव 2026’ के तहत चल रहे वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में आज सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJU) के कुलपति प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। 14 जुलाई से 18 जुलाई तक चलने वाले इस पांच दिवसीय विशेष वृक्षारोपण अभियान में शामिल होकर प्रो. बिष्ट ने पौधारोपण किया और सभी को लोकपर्व हरेला की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि प्रो. बिष्ट का पुष्पगुच्छ भेंट कर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया।
उत्तराखंड के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व को जीवंत करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर पौधे लगाए गए। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सभी विद्या शाखाओं के निदेशक, अधिकारी, प्राध्यापक और कर्मचारी भारी संख्या में उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।