जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और ग्रामोत्थान (रीप) योजना की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में विकास प्राधिकरण के विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए आयुक्त ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक भवनों और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं को प्राधिकरण के नियमों के तहत लाया जाए तथा आमजन भी निर्माण कार्य नियमानुसार करें।
एनआरएलएम की समीक्षा में आयुक्त ने अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि जिले के 1,042 गांवों में 6,921 स्वयं सहायता समूह गठित किए जा चुके हैं और 28,500 ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
ग्रामोत्थान (रीप) योजना की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
