Tue. Jul 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल जिले में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में उच्च तीव्रता वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों के विरुद्ध सघन चेकिंग की जा रही है। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय और पुलिस मुख्यालय, देहरादून द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है।
एसपी क्राइम और एसपी सिटी के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों द्वारा धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा साइलेंट जोन में लगे लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में उपकरणों को हटाकर सीज किया जा रहा है।
पुलिस लोगों और संबंधित संस्थानों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, न्यायालयों के आदेशों और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक भी कर रही है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति या निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।