जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी मुखानी थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए करीब ₹4.50 लाख मूल्य के चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
18 जुलाई 2026 को सत्य विहार, ओमकार कॉलोनी निवासी कुसुम जोशी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि 13 से 18 जुलाई के बीच अज्ञात चोर ने उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 111/2026 धारा 305(ए)/331 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक संदिग्ध दिखाई दिया। मुखबिर की सूचना पर 22 जुलाई को आनंदपुर गांव से पुलिस ने श्याम सिंह (45) पुत्र लल्ला बाबू, निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया मंगलसूत्र और अंगूठी बरामद हुई। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई।
पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत लगभग ₹4.50 लाख है और चोरी गए सामान की लगभग 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट, चोरी, आबकारी अधिनियम और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
