जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 26 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा जनपदभर में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दे रही हैं।
इसी क्रम में 25 जुलाई को सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में महिला थाना प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में सरस्वती विद्या मंदिर, जीवन धाम अल्मोड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, अजनबियों से सतर्क रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत परिजनों एवं पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, प्रभारी साइबर सेल के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक मुदित वर्मा, कांस्टेबल सौरभ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में विवेकानंद इंटर कॉलेज, रानीधारा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, संदिग्ध लिंक, फर्जी लोन, ऑनलाइन इनाम और निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और MRM (Money Restoration Module) की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और आसपास किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि की सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 अथवा पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अल्मोड़ा पुलिस ने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे
