जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 26 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 288 अवैध शराब के पव्वे एवं पाउच बरामद किए हैं। एक मामले में तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पहले मामले में थाना लमगड़ा पुलिस ने थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में मोरनौला स्थित जैंती-खॉकर तिराहे पर चेकिंग के दौरान अल्टो कार (UK08AX7313) से 4 पेटी (192 पव्वे) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वाहन चालक दिनेश सिंह निवासी बक्सवर, लमगड़ा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया।
दूसरे मामले में थाना दन्या पुलिस ने बुशीलधार बैंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कमल सनवाल निवासी कालोटा के कब्जे से 2 पेटी (96 पाउच) माल्टा देशी अवैध शराब बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
