जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
सोमेश्वर (अल्मोड़ा), कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगी। इस दौरान कारगिल युद्ध सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और त्याग को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागी जुलूस के रूप में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास पहुंचे, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अपने संबोधन में रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है और देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया गया है, वह युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामर्थ्य से ही पूरा होगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं के कल्याण एवं रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार उपलब्ध करा चुकी है तथा आने वाले महीनों में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज भाकुनी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख ताकुला राजेंद्र कैड़ा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
