Mon. Jul 27th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 27 जुलाई जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोटिस तैयार करने, उनकी समयबद्ध तामील और सुनवाई की तिथियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। साथ ही जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर के तहत जारी किए जाने वाले सभी नोटिस समय पर तैयार किए जाएं और उनकी प्रभावी तामील सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सुनवाई की तिथियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मामलों की सुनवाई नियत तिथि पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने तथा किसी भी व्यावहारिक कठिनाई का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र उपस्थित रहीं, जबकि जनपद के सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।