Sun. Aug 2nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति द्वारा उत्तरायण फाउंडेशन के सहयोग से रविवार को पपरसेली क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य, योग एवं ध्यान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श, उपचार, योग एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजित शिविर में कुल 36 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आयुर्वेदिक एवं सामान्य चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा संतुलित आहार-विहार, रोगों की रोकथाम और बेहतर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
शिविर में वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. के.पी. कुनियाल, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना कुनियाल, डॉ. लोकेश, चीफ फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह भोज तथा सीनियर ओटी इंचार्ज देव सिंह टंगड़िया ने विशेष सहयोग प्रदान किया। सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने निःस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा योग, ध्यान और आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई।