Tue. Aug 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 4 अगस्त। आगामी स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को सफल एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेशनों, पार्कों समेत विभिन्न स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। 15 अगस्त को सुबह प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि जिला अधिकारी कार्यालय में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा 2026’ प्रत्येक नागरिक की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और नागरिकों से ध्वज संहिता का पालन करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों और पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रमों का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


You missed