Wed. Aug 5th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा विकासखंड धौलादेवी की ग्रामसभा दौलीगाड़ स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का भवन वर्षों से जर्जर अवस्था में होने के बावजूद आज भी बच्चों की पढ़ाई और आंगनबाड़ी का संचालन इसी खस्ताहाल भवन में किया जा रहा है। भवन की दीवारों में दरारें, क्षतिग्रस्त छत और कमजोर लकड़ी का ढांचा कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की उदासीनता पर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं उत्तराखण्ड पशु कल्याण बोर्ड के सदस्य दयाकृष्ण काण्डपाल ने बताया कि भवन की बदहाल स्थिति की जानकारी कई बार शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि भवन के अंदर कई जगहों से मलबा गिर रहा है और छत भी लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे मासूम बच्चों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र को किसी सुरक्षित वैकल्पिक भवन में संचालित कराया जाए। साथ ही जर्जर भवन को तत्काल निष्प्रयोज्य घोषित कर नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया और कोई दुर्घटना हुई तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और प्रशासन की होगी। उन्होंने शासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।