जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की कक्षा 10 की छात्रा प्रेरणा जोशी को 15 अगस्त को नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का विशेष निमंत्रण मिला है। प्रेरणा को यह अवसर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है।


प्रेरणा ने माईगवर्नमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में देशभर से 9300 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें प्रेरणा ने आठवां स्थान हासिल कर विद्यालय और अल्मोड़ा का नाम रोशन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के निमंत्रण के साथ प्रमाण पत्र तथा पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी। समारोह में उनके साथ एक सहयोगी के रूप में उनके पिता प्रमोद जोशी भी शामिल होंगे। दोनों के लिए ई-आमंत्रण जारी किए गए हैं।
प्रेरणा जोशी की इस उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की प्रधानाचार्य मीना राणा, कला शिक्षिका रूमाना नाज, कक्षाध्यापिका मीना बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रेरणा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।