Thu. Aug 20th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत भरसोली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक महेश जीना और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं विभागीय सेवाओं के लिए प्राप्त 272 आवेदनों पर कार्रवाई की गई। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से 490 लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में राजस्व, पंचायत राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पशुपालन, सैनिक कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सेवायोजन, बाल विकास, उद्यान, जलागम और डाक विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।