जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने गुरुवार को जल जीवन मिशन एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जनपद में संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गतिमान योजनाओं में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मिशन के दोनों चरणों में जनपद में कुल 1645 योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें से 1517 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 128 योजनाओं पर कार्य गतिमान है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने शेष योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में सिंगल विलेज स्कीम, मल्टी विलेज स्कीम और हर घर जल योजना की अलग-अलग समीक्षा की गई। अजय टम्टा ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक पर्याप्त और सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं से लोगों को वास्तविक रूप से पेयजल सुविधा का लाभ मिलना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी सामने आने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की बात भी कही।
इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के अंतर्गत स्वीकृत सड़क कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि पीएमजीएसवाई-4 के तहत जनपद में कुल 220 सड़कें स्वीकृत हैं, जिनकी कुल लंबाई 1295.04 किलोमीटर है। उन्होंने सड़क कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अजय टम्टा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।