जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा क्वारब क्षेत्र में बादल फटने की सूचना को जिला प्रशासन ने पूरी तरह असत्य और भ्रामक बताया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही इस सूचना का प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि क्वारब में बादल फटने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, संबंधित क्षेत्र से स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई है। क्षेत्र में बादल फटने की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाली संबंधित सोशल मीडिया आईडी का भी संज्ञान लिया है।
प्रशासन ने कहा कि आपदा के संबंध में गलत एवं भ्रामक सूचना प्रसारित कर आमजन में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आपदा अथवा मौसम से जुड़ी किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा या प्रसारित न करें। लोगों से केवल जिला प्रशासन, मौसम विभाग और अन्य अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से विशेष रूप से संवेदनशील परिस्थितियों में अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करने से बचने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।