Tue. Sep 1st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित “शुद्धीकरण” को लेकर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ‘गुड्डू’ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्थल का कथित रूप से “शुद्धीकरण” किया गया। भोज ने कहा कि इस घटना ने सामाजिक समानता, सम्मान और संवैधानिक मूल्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर सार्वजनिक रूप से भेदभावपूर्ण व्यवहार करना संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम स्थल पर कथित शुद्धीकरण जातिगत भेदभाव की मंशा से किया गया है तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से प्रार्थना पत्र में नामित भाजपा नेताओं एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी। कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस ने लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस दौरान भूपेंद्र सिंह भोज, तारा चंद्र जोशी, प्रकाश जोशी, राधा बिष्ट, दीप डांगी, राजेंद्र बराकोटी, तारा चंद्र साह, आनंद सिंह बिष्ट, विनोद वैष्णव, हरि राम आर्य, अम्बी राम, किरन आर्य, जया जोशी, फैमिना खान, गीता मेहरा, पूरन रौतेला, विक्रम फर्तियाल, रविंद्र टम्टा, परितोष जोशी, साहबूदीन, पार्षद मुकेश कुमार, वैभव पांडेय, दीपक कुमार, भैरव गोस्वामी, सुशील साह, आंशु गोस्वामी, हेम सती, मनोज वर्मा, गोविंद मेहरा, निर्मल रावत, जगदीश तिवारी, राहुल अधिकारी, बीके पांडेय, वकुल साह, आनंद बिष्ट, मनोज बिष्ट, कमल बिष्ट, सुरेंद्र आर्य, देवेंद्र धोनी, दानिश खान, राजेंद्र बिष्ट, दिनेश पिल्कवाल, राज चौहान, कार्तिक साह और राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।