जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय, पाताल देवी में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। भारी बारिश के बावजूद जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यशाला में पहुंचे।
कार्यशाला का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महेश नयाल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, मेयर अजय वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला तथा बिट्टू कर्नाटक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में सेवा संकल्प अभियान जिले के सभी मंडलों में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने और सेवा कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक दर्शन रावत ने सेवा पखवाड़े के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा भाव के साथ मनाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सेवा पखवाड़े के माध्यम से कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करने के साथ जनसेवा के कार्यों से जुड़ेंगे। उन्होंने भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के लिए उनका आभार जताया।
जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा और उनके जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा भाजपा की रीति-नीति और सेवा भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक ले जाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान ‘आशीर्वाद’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान’, रंगोली और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला के दौरान हिंदुस्तान हिमालय बचाओ अभियान के अंतर्गत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिमालय प्रतिज्ञा ली। इस दौरान हिमालय और हिमालयी क्षेत्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यशाला का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल, किरण पंत सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा पदाधिकारी, सभासद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।