Mon. Sep 7th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर चल रहा काला फीता बांधकर विरोध कार्यक्रम शासन के सकारात्मक आश्वासन के बाद 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है।
3 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में शासन और प्रशासन के साथ चतुष्पक्षीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री के अलावा वित्त सचिव, स्वास्थ्य सचिव, अपर स्वास्थ्य सचिव, महानिदेशक स्वास्थ्य तथा संगठन की कोर कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन की पांच प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री की ओर से मांगों के समाधान को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद संगठन की कोर कमेटी ने आंदोलनात्मक कार्यक्रम को 15 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता है तो कोर कमेटी की पुनः बैठक आयोजित कर आंदोलन के अगले चरण को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
इधर, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष डीके जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेपीएस मनराल, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह, मंत्री रजनीश जोशी, संगठन मंत्री जगदीश चंद्र, संयुक्त मंत्री प्रेम प्रकाश, कोषाध्यक्ष कैलाश पपने और संप्रेक्षक माया पाण्डेय ने संगठन की मांगों पर सरकार और शासन की ओर से दिए गए सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि तय समय सीमा के भीतर मांगों का सकारात्मक समाधान किया जाएगा।