जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हुई हथियारबंद डकैती के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चैन और ₹15 हजार नकद बरामद किए हैं। मामले में पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।
19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले में वादी नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी, हल्द्वानी ने तहरीर देकर बताया था कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके कार्यालय/गैराज में डकैती डालकर करीब ₹8 लाख नकद, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चैन और अंगूठी आदि लूट लिए।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर करीब 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, एएसपी/सीओ हल्द्वानी के साथ विभिन्न थाना प्रभारियों, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञों को शामिल किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की। इससे पहले पुलिस यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह, अफजल मलिक, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर 05 सितंबर 2026 को गलफार गेट, चोरगलिया से गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा (32) को गिरफ्तार किया। आरोपी गुरजन्ट सिंह सितारगंज क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक पीली धातु की गले की चैन और ₹15 हजार नकद बरामद हुए हैं। मामले में धारा 61(2)/317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।