जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी, जन्माष्टमी पर्व की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर डंडे लहराने और आमजन में भय एवं अराजकता का माहौल पैदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों का पता लगाया और युवकों की पहचान की।
पुलिस ने कुल 15 युवकों को चिन्हित कर थाने लाया, जिनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी 8 बालिग युवकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। साथ ही वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस द्वारा चिन्हित किए गए बालिग युवकों में दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।
नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने 7 नाबालिग युवकों के परिजनों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की। साथ ही परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गई।
SSP का दो टूक संदेश—अराजकता बर्दाश्त नहीं
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने, अराजकता फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।