जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी, नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखानी थाना क्षेत्र में संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने महज चार महीने में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 5/6 सितंबर की रात एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल तथा एसएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में मुखानी पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान इंदौर, मध्य प्रदेश निवासी राहुल यादव (30) को मुख्य सरगना के रूप में गिरफ्तार किया गया। उसके साथ हर्षित कुमार, कमल गोस्वामी, साहिल कुमार, मौ. अयान और मौ. शुभान को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ऐसे चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी राहुल यादव Binance ऐप के माध्यम से USDT (क्रिप्टोकरेंसी) की खरीद-फरोख्त करता था। इसके बाद Telegram के माध्यम से प्राप्त अनधिकृत UMASTER ऐप पर बिना वैध दस्तावेज, KYC और स्रोत सत्यापन के प्रतिदिन करीब 4 से 5 लाख रुपये मूल्य की USDT बेची जाती थी। आरोपियों को इसमें 3 प्रतिशत अतिरिक्त मुनाफे और बोनस का लालच दिया जाता था।
गिरोह स्थानीय युवाओं को 3 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल करता था। इन म्यूल बैंक खातों में साइबर अपराध से प्राप्त रकम डाली जाती और फिर एटीएम से नकदी निकाली जाती थी। अधिक रकम होने पर CDM के जरिए अन्य बैंक खातों में जमा या ट्रांसफर कर दी जाती थी। पुलिस के अनुसार खाताधारकों के सिम कार्ड भी आरोपी अपने कब्जे में रखते थे।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,18,800 नकद, एक Dell लैपटॉप, Apple iPad, 11 स्मार्टफोन, 24 सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 सक्रिय सिम कार्ड, छह चेकबुक, चार पासबुक और 16 बैंक जमा/CDM पर्चियां बरामद की हैं।
मामले में कोतवाली मुखानी में मु.अ.सं. 141/2026, धारा 66(C), 66(D) आईटी एक्ट तथा धारा 3(5), 318(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों विधि-विवादित किशोरों को बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के संरक्षण में अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।
एसएसपी नैनीताल ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹2,500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक अथवा एटीएम कार्ड इस्तेमाल के लिए न दें। साइबर अपराध में खाते के इस्तेमाल पाए जाने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई है।