जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सामाजिक संगठनों ने भी चिंता जतानी शुरू कर दी है। रेडक्रॉस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ अल्मोड़ा से मुलाकात कर नगर में रात्रि गश्त बढ़ाने और प्रमुख बाजारों के साथ ही सुनसान रास्तों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित एवं प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि अल्मोड़ा नगर में देर रात तक व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में रात के समय पुलिस की सक्रिय गश्त बेहद जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि केवल मुख्य बाजारों तक पुलिस की निगरानी सीमित रहने के बजाय नगर की गली-कूचों, आंतरिक मार्गों और सुनसान क्षेत्रों तक पुलिस की नियमित पहुंच होनी चाहिए।
पदाधिकारियों के मुताबिक नियमित रात्रि गश्त से संदिग्ध और असामाजिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले लोगों पर नजर रखने, आवश्यकता पड़ने पर पूछताछ करने और नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी रखी।
नंदा देवी मेले को लेकर विशेष सतर्कता की मांग
आगामी मां नंदा देवी मेले को देखते हुए रेडक्रॉस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग नगर में पहुंचते हैं तथा देर रात तक बाजार और मेला क्षेत्र में भीड़ बनी रहती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मेले के दौरान मुख्य बाजारों के अलावा नगर के आंतरिक मार्गों और अपेक्षाकृत सुनसान क्षेत्रों में भी रात्रि गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि अराजक और असामाजिक तत्वों को किसी तरह की गतिविधि का अवसर न मिले और श्रद्धालुओं व नगरवासियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावी रात्रि गश्त से अपराध की रोकथाम के साथ ही आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
सीओ अल्मोड़ा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और रात्रि गश्त समेत अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, वरिष्ठ सदस्य हरीश कनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह, यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू, यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू तथा यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी मौजूद रहे।