Wed. Oct 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 28 अक्टूबर गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन के प्रयोग और प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में बुधवार को यूकेडी के जिला कार्यालय अल्मोड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। दल के संरक्षक काशी सिंह ऐरी की उपस्थिति में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
जनता को अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार
प्रेस कॉन्फ्रेंस में काशी सिंह ऐरी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने और सरकार के समक्ष अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में आंदोलनकारियों पर वाटर कैनन का प्रयोग करना और उनकी आवाज दबाने का प्रयास करना लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से जनता में आक्रोश व्याप्त है।
स्थायी राजधानी, मूल निवास और सशक्त भू-कानून प्रमुख मांगें
काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, मूल निवास लागू करने और सशक्त भू-कानून बनाने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन देने जा रहा था। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे केवल राजनीतिक मांगें नहीं हैं, बल्कि राज्य की पहचान, युवाओं के भविष्य और उत्तराखंड के मूल निवासियों के अधिकारों से जुड़े हुए हैं।
सड़क अवरुद्ध होने से आम जनता को हुई परेशानी पर उठाए सवाल
ऐरी ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सड़क अवरुद्ध होने से आम नागरिकों और मरीजों को हुई परेशानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब आम जनता अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरती है तो प्रशासन कार्रवाई करता है, लेकिन जब प्रशासन स्वयं सड़क अवरुद्ध करता है और इससे आम लोगों को परेशानी होती है, तो इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा? उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का ऐलान
काशी सिंह ऐरी ने कहा कि सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग कर समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड क्रांति दल स्थायी राजधानी गैरसैंण, मूल निवास, सशक्त भू-कानून और स्थानीय युवाओं को रोजगार सहित जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, केंद्रीय मंत्री त्रिलोक लटवाल, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, जिला महामंत्री प्रताप सिंह, जिला महामंत्री देवेश जोशी, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, युवा महानगर अध्यक्ष वन कंवल, विनय किरोला, दीवान बनोला, गणेश सिंह, सुजीत टम्टा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।