जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का पुतला दहन कर उनके बयान की निंदा की।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाकर आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन प्रधानमंत्री के परिवार और व्यक्तिगत जीवन को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश की जनता ने पूरी तरह नकार दिया है, जिसके चलते कांग्रेस अध्यक्ष बौखलाहट में लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुद्दों की राजनीति करनी चाहिए और व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए।
दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और उन्हें अब राजनीतिक संन्यास ले लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगातार की जा रही व्यक्तिगत टिप्पणियों को भाजपा कार्यकर्ता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे।
दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाते हुए देश में अराजकता का माहौल पैदा करने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपने बयानों पर संयम बरतना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, कुंदन लटवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, जिला मंत्री मनोज जोशी, सुनील बिष्ट, रेखा आर्या, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, निकाय प्रकोष्ठ सह संयोजक कैलाश गुरुरानी, नगर महामंत्री अर्जुन बिष्ट, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम, नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह, जगत तिवारी, जगदीश सिंह चौहान, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पार्षद अभिषेक जोशी, शुभम रौतेला, आनंद कनवाल, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष नीरज सांगा, आशीष डोगरा, रमेश धपोला, संजय जोशी, मदन सिंह सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
