जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा देहरादून में 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन ट्रायल में अल्मोड़ा के डीके जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार सातवीं बार राज्य बैडमिंटन टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी इस उपलब्धि से जनपद के खेल प्रेमियों और बैडमिंटन खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।
ट्रायल के दौरान डीके जोशी ने अपने बेहतरीन खेल और दमदार प्रदर्शन से प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को शिकस्त दी। उन्होंने उधम सिंह नगर के बलवंत सिंह को 21-5 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पिथौरागढ़ के इंद्रजीत सिंह को 15-6 और 15-8 से पराजित किया। सेमीफाइनल में उन्होंने उत्तरकाशी के अनुराग शर्मा को 15-3 और 15-0 से हराकर राज्य टीम में अपनी जगह पक्की की।
डीके जोशी का चयन अब अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता उड़ीसा अथवा असम में आयोजित होनी है, जिसमें वह राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इनडोर स्टेडियम में किया गया स्वागत
राज्य टीम में चयन के बाद गृह नगर अल्मोड़ा पहुंचने पर स्थानीय हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम में डीके जोशी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने मिष्ठान वितरित कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई तथा आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष राकेश जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रशासन गोकुल सिंह मेहता, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उपसचिव संजय नज्झोन, कोषाध्यक्ष नंदन रावत, विजय प्रताप सिंह, हिमांशु राज, अरविंद जोशी, डॉ. नंदन बिष्ट, हरीश भंडारी, संजय खोलिया, हरीश अधिकारी, प्रांशु अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डीके सेन, अतुल जोशी, उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के महासचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, प्रेम सिंह और यशवंत कुमार सहित अनेक खेल प्रेमियों ने डीके जोशी को बधाई दी।
