Mon. Oct 26th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड सह प्रभारी अरविन्द मैनन के 29 अक्टूबर को प्रस्तावित अल्मोड़ा प्रवास को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष महेश नयाल के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अरविन्द मैनन के प्रथम अल्मोड़ा आगमन पर प्रस्तावित स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अरविन्द मैनन 29 अक्टूबर को रानीखेत से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे भाजपा जिला कार्यालय, अल्मोड़ा पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला कार्यालय में उनके भव्य एवं गरिमामय स्वागत के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने तथा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने संगठनात्मक एकजुटता और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने पर विशेष जोर दिया।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि अरविन्द मैनन का अल्मोड़ा प्रवास स्थानीय संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके आगमन से पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर संवाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। भाजपा की ओर से उनके प्रथम अल्मोड़ा आगमन को यादगार बनाने के लिए स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में कार्यक्रम में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि अरविन्द मैनन का अल्मोड़ा पहुंचने पर गरिमामय स्वागत किया जा सके।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट ने किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, दर्जा मंत्री गंगा बिष्ट, सफाई आयोग के उपाध्यक्ष सिकंदर पवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, धर्मेंद्र बिष्ट, सुनील बिष्ट, सौरभ वर्मा, पंकज भाकुनी, मदन बिष्ट, त्रिलोक राम, रेखा आर्या, हरीश बिष्ट सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।