जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा लंबे समय से सड़क सुधारीकरण की मांग के बाद नगर के अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक सड़क मरम्मत का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया। मार्ग के करीब 210 मीटर हिस्से में पेंच वर्क का कार्य प्रारंभ किया गया है। सड़क मरम्मत शुरू होने से क्षेत्रवासियों और इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पार्षद वैभव पांडे ने पूजा-अर्चना कर विधिवत रूप से कार्य का शुभारंभ कराया।
अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक का मार्ग नगर के महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल है। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय पार्षद वैभव पांडे लगातार सड़क सुधारीकरण की मांग उठा रहे थे। उन्होंने इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर जनहित में मार्ग की मरम्मत कराने का अनुरोध किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू हो सका। सड़क का कार्य शुरू होने पर पार्षद वैभव पांडे ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त किया।
पार्षद ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब थी और इसके कारण स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क का कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
सड़क पर पेंच वर्क के चलते निर्माण कार्य पूरा होने तक अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक संबंधित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सड़क मरम्मत शुरू होने से स्थानीय लोगों ने भी राहत की उम्मीद जताई है। लोगों की मांग है कि कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि नगर के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन सुगम हो सके।
इस दौरान पूजा-अर्चना में टम्टा मोहल्ला की पार्षद नेहा टम्टा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
