Wed. Oct 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखंड के मूल मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भागीदारी को लेकर अल्मोड़ा स्थित जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने, मूल निवास वर्ष 1950 लागू करने और प्रदेश में सशक्त भू-कानून बनाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन को मजबूती देने पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अल्मोड़ा जिले से युवा प्रकोष्ठ, महानगर युवा इकाई और जिला पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता गैरसैंण के लिए रवाना होंगे। इस दौरान सल्ट, रानीखेत, सोमेश्वर और जागेश्वर क्षेत्रों से भी यूकेडी के सदस्य गैरसैंण पहुंचकर आंदोलन में भागीदारी करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित करना, मूल निवास 1950 लागू करना और प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों एवं जमीन की सुरक्षा के लिए सशक्त भू-कानून बनाना राज्य के प्रमुख जनहितकारी मुद्दे हैं। इन मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से विधानसभा घेराव किया जाएगा।
बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, केंद्रीय सचिव त्रिलोक लटवाल, जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, विनय किरौला, जिला महामंत्री देवेश जोशी, प्रताप सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष केदार सिंह, राकेश भट्ट, मोहन सिंह, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रवि नेगी, महानगर अध्यक्ष वंश कनवाल, धीरज सिंह, विजय पंत, कमल सिंह, सुजीत टम्टा और अक्षय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यूकेडी ने विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गैरसैंण पहुंचने का आह्वान किया।