जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग की कार्यकारिणी एवं संवाद कार्यक्रम गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड कांग्रेस विचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डावर उपस्थित रहे। कार्यक्रम को स्थानीय विधायक मनोज तिवारी का संरक्षण प्राप्त रहा।
इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से पार्टी के कैडर को वैचारिक मजबूती मिलती है। साथ ही कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के साथ ही पार्टी के सिद्धांतों और विचारों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने किया। बैठक में पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं महिला सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष शोभा जोशी, तारा चंद्र साह, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह बगड़वाल, प्रदेश सचिव दीप चंद्र सिंह डोगी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस भूपेंद्र सिंह भोज, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अशोक रावत तथा विचार विभाग के जिला कोऑर्डिनेटर बीएस बगड़वाल ने अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि कैप्टन प्रवीण डावर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का इतिहास देशप्रेम, संघर्ष और शहादत से भरा हुआ है। पंडित जवाहरलाल नेहरू को नए भारत का शिल्पी बताते हुए उन्होंने कहा कि गांधी परिवार जैसा बलिदानी परिवार पूरी दुनिया में दूसरा उदाहरण नहीं मिलता। उन्होंने आरएसएस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उससे जुड़े लोगों ने अंग्रेजों की मुखबिरी की थी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को आदर्श मानने वाली विचारधारा देश को पतन की ओर ले जा सकती है।
कैप्टन डावर ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एक राष्ट्र निर्माता संस्था है, जिसका अपना गौरवशाली इतिहास रहा है। प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को पार्टी के इस इतिहास और विचारधारा की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह जनता के बीच जाकर तथ्यों और तर्कों के आधार पर अपनी बात रख सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश और देश की जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गोपाल सिंह चौहान, नारायण दत्त पांडे, हेमंत पाठक, रूप रावत, धीरेंद्र प्रकाश जोशी, राजेंद्र उपाध्याय, कृष्ण चंद्र जोशी, विनोद वैष्णव, सेवादल अध्यक्ष परितोष जोशी, पंकज पॉल, मासी बस जीना, पार्षद एवं एडवोकेट वैभव पांडे, पूर्व अध्यापक एवं कलाकार देवेन तमता, लक्ष्मण कोरंगा, राजेंद्र सिंह टाकुली, कपिल कंवल, पार्षद एवं एडवोकेट मुकेश दानी, पत्रकार रमेश जावत, अख्तर हुसैन, प्रदेश सचिव किरण आर्य, यूथ अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, मोहम्मद दानिश खान, पंकज मीर, हेमचंद जोशी, हरीश उप्रेती, राजेश आर्य सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
