Fri. Nov 6th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा दीपावली के पर्व पर स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से आर्यन छात्र संगठन अल्मोड़ा ने ‘लोकल दिवाली–अपने बाजार, अपनी जिम्मेदारी’ अभियान चलाकर लोगों को स्थानीय बाजार से खरीदारी करने के लिए प्रेरित किया। संगठन ने ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच आम जनता से अपने शहर के व्यापारियों और दुकानदारों के हित में स्थानीय बाजार को प्राथमिकता देने की अपील की।

छात्रसंघ महासचिव भास्कर गोस्वामी के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा के विभिन्न बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों और ग्राहकों से संवाद किया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि स्थानीय दुकानदार केवल व्यापारिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी भी हैं। स्थानीय दुकानों से की गई खरीदारी का सीधा लाभ छोटे व्यापारियों और उनके परिवारों तक पहुंचता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
अभियान के तहत संगठन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को भी जागरूक किया। युवाओं से अपील की गई कि वे दीपावली पर स्थानीय उत्पादों और दुकानों को प्राथमिकता दें तथा अपने परिवारों और परिचितों को भी स्थानीय बाजार से खरीदारी के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर छात्र नेता निशांत पांडेय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल खरीदारी का माध्यम बदलना नहीं, बल्कि अपने शहर के व्यापारियों के प्रति जिम्मेदारी और अपनत्व की भावना विकसित करना है। जब हम स्थानीय दुकानों से खरीदारी करते हैं तो उसका लाभ सीधे अपने समाज, परिवारों और शहर की अर्थव्यवस्था को मिलता है।
आर्यन छात्र संगठन ने आम जनता, युवाओं और विद्यार्थियों से अपील की कि वे दीपावली पर ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देकर छोटे व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान लाने में अपनी भूमिका निभाएं।
संगठन ने संदेश दिया कि त्योहार की खुशियां अपनों के साथ और खरीदारी अपने स्थानीय बाजार के साथ। ऑनलाइन छोड़ें, लोकल दिवाली मनाएं।