जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर संचालित भूमि बचाओ–धामी हटाओ अभियान के तहत शुक्रवार को गांधी पार्क, अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने किया। इस दौरान अल्मोड़ा शहर स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस तथा ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कटारमल स्थित गेस्ट हाउस को बेचे जाने की कथित तैयारी पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ा विरोध जताया और सरकार से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा की सरकारी संपत्तियां जनता की धरोहर हैं। इनका निर्माण जनसुविधाओं और सार्वजनिक उपयोग के उद्देश्य से किया गया है। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों में इन सरकारी परिसंपत्तियों को बेचने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों को बेचने के बजाय उनका बेहतर रखरखाव करते हुए जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जनता की संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के किसी भी प्रयास का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ था। लेकिन आज सरकारी संपत्तियों और भूमि को लेकर सामने आ रहे निर्णय गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। अल्मोड़ा और कटारमल के गेस्ट हाउस केवल भवन नहीं हैं, बल्कि इनका ऐतिहासिक, प्रशासनिक और पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष महत्व है। सरकार को इन संपत्तियों के भविष्य को लेकर जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों, सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। यदि सरकार इन गेस्ट हाउसों को बेचने की दिशा में आगे बढ़ती है तो कांग्रेस जनहित में अपने आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करेगी।
धरने के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि अल्मोड़ा शहर एवं कटारमल स्थित दोनों गेस्ट हाउसों को बेचने संबंधी किसी भी प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाई जाए और सरकार इस मामले में अपनी स्थिति सार्वजनिक करे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की जमीन और जनता की संपत्ति बचाने की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने की, जबकि संचालन पीसीसी सदस्य पीतांबर पांडे ने किया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष दीवान राम, सेवादल अध्यक्ष परितोष जोशी, प्रदेश सचिव दीप डांगी, किरन आर्य, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, शोभा जोशी, विनोद वैष्णव, एनडी पांडे, आनंद बगड़वाल, बीके पांडे, संजय दुर्गापाल, मनोज बिष्ट, अमित बिष्ट, पूरन रौतेला, पार्षद मुकेश कुमार, दीपक कुमार, वैभव पांडे, विकास कुमार, अम्बी राम, हरीश राम, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद बिष्ट, रमेश लटवाल, अरविंद रौतेला, अख्तर हुसैन, तारा चंद्र शाह, देवेंद्र बिष्ट, हेम कुमार, दिनेश पिलख्वाल, तारा तिवारी, जया जोशी, फेमिना खान, दानिश खान, चंद्र किरण, दीवान सिंह फर्तियाल, पूरन बिष्ट और नरेंद्र बनोला सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
