जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
गौसेवा और गोवंश संरक्षण का लिया संकल्प, यज्ञ में विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना
अल्मोड़ा, गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर गौ सेवा न्यास गुरुकुल शोले की ओर से गोसदन ज्योली में श्रद्धा और उत्साह के साथ गोसंवर्धन यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर विधि-विधान से यज्ञ एवं पूजा-अर्चना की और गोवंश के संरक्षण तथा संवर्धन का संकल्प लिया।
यज्ञ का आयोजन एवं संचालन गोशाला संचालक दयाकृष्ण काण्डपाल ने किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। गोवर्धन पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौवंश की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया।
इस अवसर पर गोसदन में संरक्षित गायों का विधि-विधान से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गायों को फूलमालाएं पहनाईं और गौग्रास खिलाकर गौसेवा की। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति, परंपरा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
गोशाला संचालक दयाकृष्ण काण्डपाल ने कहा कि निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश की सेवा, संरक्षण और भरण-पोषण के लिए गौ सेवा न्यास लगातार प्रयास कर रहा है। गोवंश की रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौसेवा में सहयोग करने और निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का संदेश देता है। इस तरह के आयोजनों से समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में चन्द्रमणि भट्ट, मनोज सनवाल, यशवन्त परिहार, रमेश तिवारी, पूरन चन्द्र तिवारी, मोहन सिंह रावत, हेम जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। अंत में सभी ने गौसेवा के इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
