जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
देहरादून उत्तराखंड में आपदा से प्रभावित परिवारों को अब पहले से अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी। केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (NDRF) के तहत विभिन्न मदों में दी जाने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी कर दी है। नए प्रावधानों के तहत आपदा में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि दोगुनी करते हुए 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई है। इससे आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
संशोधित मानकों के अनुसार, पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए मिलने वाली सहायता राशि भी बढ़ाई गई है। पहले इसके लिए 1.20 लाख रुपये दिए जाते थे, जिसे अब बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा आपदा के दौरान कपड़ों और घरेलू सामान के नुकसान पर मिलने वाली सहायता राशि में भी दोगुनी वृद्धि की गई है। किसानों और पशुपालकों को होने वाले नुकसान के लिए भी राहत मानकों में बदलाव किया गया है, जिससे प्रभावित लोगों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक मदद मिल सकेगी।
केंद्र सरकार द्वारा किए गए ये संशोधित प्रावधान वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रभावी हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से आपदा राहत के मानकों में वृद्धि करने का अनुरोध किया था। उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में लगातार प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को देखते हुए राहत राशि बढ़ाने की मांग की जा रही थी। केंद्र सरकार के इस निर्णय से आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा और पुनर्वास की प्रक्रिया में भी सहायता मिलेगी।
