जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
राज्य गठन के वर्षों बाद भी पहाड़ बदहाल, पर्वतीय विकास की उपेक्षा पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने सरकारों को घेरा
स्थायी राजधानी, पलायन, बेरोजगारी और शिक्षा-स्वास्थ्य के सवाल आज भी अनसुलझे, राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों की अनदेखी का लगाया आरोप
अल्मोड़ा, उत्तराखंड राज्य स्थापना के वर्षों बाद भी पर्वतीय क्षेत्रों की बदहाल स्थिति और लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने राज्य सरकारों के खिलाफ सवाल खड़े किए हैं। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वाहिनी नेताओं ने कहा कि अलग राज्य गठन के लिए जिस बेहतर भविष्य और पर्वतीय विकास का सपना देखा गया था, वह आज भी अधूरा है। राज्य आंदोलन के दौरान उठाए गए बुनियादी सवालों का समाधान नहीं हो पाने से पहाड़ की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
वाहिनी नेताओं ने कहा कि राज्य गठन के इतने वर्षों बाद भी स्थायी राजधानी का सवाल अनसुलझा है। परिसीमन के चलते विधानसभा में पर्वतीय क्षेत्रों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व लगातार घट रहा है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण पहाड़ के युवा और परिवार पलायन करने को मजबूर हैं। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में भी अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकारों ने पर्वतीय क्षेत्रों के वास्तविक विकास और राज्य आंदोलन की मूल भावना को प्राथमिकता नहीं दी। नतीजतन पहाड़ की समस्याएं कम होने के बजाय लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने वास्तविक राज्य आंदोलनकारियों और राज्य आंदोलन के दौरान संघर्ष करने वाले पत्रकारों की उपेक्षा पर भी नाराजगी जताई।
बैठक में उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता एवं राज्य आंदोलनकारी नारायण सिंह जन्तवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पूरन चन्द्र तिवारी, दयाकृष्ण काण्डपाल, वरिष्ठ अधिवक्ता जगत रौतेला, जंगबहादुर गंज थापा, बिशनदत्त जोशी, हारिस मुहम्मद, अजय मित्र बिष्ट, रेवती बिष्ट, अजय मेहता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
