Thu. Nov 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पातालदेवी स्थित अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह की उत्पादन इकाई का निरीक्षण कर महिला बुनकरों के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला बुनकरों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं तथा हस्तकरघा उत्पादों के निर्माण और विपणन में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पादन क्षमता और उत्पादों की बाजार तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर महिला बुनकरों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिला बुनकरों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने पातालदेवी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना भी सामने रखी। उन्होंने बताया कि पातालदेवी को पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के लिए जल्द ही रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) आमंत्रित की जाएगी। इसके तहत प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर क्षेत्र में साहसिक पर्यटन सहित विभिन्न पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पातालदेवी क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इससे न केवल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय हस्तकरघा उत्पादों को भी बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला बुनकरों की समस्याओं के निस्तारण के साथ ही पातालदेवी क्षेत्र के समग्र विकास और पर्यटन कॉम्प्लेक्स की योजना को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रभारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।