Thu. Nov 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 10 आईएएस और 20 पीसीएस समेत कुल 30 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। बुधवार देर शाम सचिव कार्मिक शैलेश बगोली की ओर से तबादला आदेश जारी किए गए। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन प्रशासनिक बदलावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार आईएएस निधि यादव से निदेशक पंचायती राज का प्रभार हटा दिया गया है। अब वह अपर सचिव कृषि के पद पर अपनी सेवाएं देंगी। वहीं देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर अब आईएएस दीपक सैनी देहरादून के नए मुख्य विकास अधिकारी होंगे। दीपक सैनी इससे पहले पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे।

इसी क्रम में अपर निदेशक शहरी विकास प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं आईएएस अनामिका की बाध्य प्रतीक्षा समाप्त करते हुए उन्हें अल्मोड़ा के मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे अल्मोड़ा जिले को भी नया मुख्य विकास अधिकारी मिल गया है।

इसके अलावा संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी का तबादला करते हुए उन्हें संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश में एक साथ 30 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में किए गए इस बदलाव से प्रशासनिक महकमे में नई जिम्मेदारियों का दौर शुरू हो गया है। खास तौर पर जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों की तैनाती और अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।