जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे शक्ति केंद्र सम्मेलनों के तहत लमगड़ा मंडल के विभिन्न शक्ति केंद्रों में सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही राज्य निर्माण में भाजपा की भूमिका और प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा को भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा गया।
लमगड़ा मंडल के कपकोट, सिरसौड़ा एवं जलना शक्ति केंद्रों में मुख्य वक्ता माधव सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वहीं कौमारी शक्ति केंद्र में गौधन सिंह भैसोड़ा तथा भटखोला शक्ति केंद्र में दीपक पांडे ने संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर अपने विचार रखे। सभी सम्मेलनों की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली ने की।
माधव सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य वर्षों के संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान से अस्तित्व में आया है। राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा में भाजपा ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत करना और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखना आवश्यक है।
गौधन सिंह भैसोड़ा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। शक्ति केंद्र एवं बूथ संगठन की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। संगठन की एकजुटता और सक्रियता ही आगामी चुनाव में पार्टी की सफलता का आधार बनेगी।
दीपक पांडे ने कहा कि उत्तराखंड ने 26 वर्षों में विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। भाजपा ने प्रदेश के विकास, सांस्कृतिक पहचान और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, मजबूत टीम तैयार करने और नियमित जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
मंडल प्रभारी मनीष कुमार जोशी ने कहा कि शक्ति केंद्र सम्मेलन कार्यकर्ताओं को साझा लक्ष्य और संकल्प से जोड़ने का माध्यम हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन की मजबूती बूथ स्तर की सक्रियता, आपसी समन्वय और जनसंपर्क पर निर्भर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी की विचारधारा और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पार्टी की विजय के संकल्प के साथ काम करने की अपील की।
सम्मेलनों में बूथ पदाधिकारियों, बूथ कमेटियों के सदस्यों और युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ महिला नेत्री बाचुली देवी एवं पूरन सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली, महामंत्री जगदीश रावत, नीमा, नंदन सिंह, भीम ढैला, रमेश कुमार, नरेंद्र सिंह, भुवन राम, गोविंद राम, दीवान सिंह, नारायण सिंह रावत सहित पार्टी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
