जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी डॉ. ललित पाण्डे के निधन पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही ईश्वर से परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. ललित पाण्डे ने उत्तराखंड में पर्यावरण शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। उत्तराखंड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान के माध्यम से उन्होंने विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही गांवों में छोटे बच्चों के लिए बालवाड़ियों की स्थापना, पुस्तकालयों और ग्राम शिक्षण केंद्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उनके प्रयासों ने पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पश्चिम बंगाल एवं पंजाब के पूर्व राज्यपाल बी.डी. पाण्डे के सुपुत्र डॉ. ललित पाण्डे ने अपने सामाजिक कार्यों के माध्यम से परिवार की लोकसेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया। जिलाधिकारी ने कहा कि उनका निधन अल्मोड़ा जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। पहाड़ के गांवों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव याद किए जाएंगे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
