Sat. Mar 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिला बार एसोसिएशन अल्मोड़ा के उपाध्यक्ष एडवोकेट कवीन्द्र पन्त ने अल्मोड़ा बाजार से पांडेखोला कलेक्ट्रेट तक चलने वाली नगर बस सेवा का किराया तीन गुना बढ़कर 10 रूपए से 30 रूपए करने पर कडी नाराजगी जताई है प्रेस को जारी एक बयान में उन्होंने कहा है कि जब अल्मोङा मल्ला महल से कलेक्ट्रेट को पांडेखोला स्थानांतरित किया गया तो उस समय जनाक्रोश को शांत करने के लिए जिला प्रशासन ने जनता को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रियायती दर पर सिटी बस का संचालन शुरू किया जिसका टिकट 10 रूपए रखा गया था लेकिन आज जन आकांक्षा के विपरीत जाकर अचानक से इसके किराए में तीन गुना की बढ़ोत्तरी कर दी गई है जो कि अव्यवहारिक व नीतिगत तौर पर सरासर गलत है व जनहित की घोर उपेक्षा है। उन्होंने कहा है कि आज यह स्थिति हो गई है कि जनता को प्रभावित करने वाले निर्णयों में जनता की भागीदारी समाप्त की चुकी है शासन-प्रशासन जनता से संबंधित विषयों पर जनता से जुड़े जन संगठनों से विमर्श करना तक उचित नहीं समझ रहा है।
बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष कवीन्द्र पन्त ने कहा है कि चूंकि आजकल पालिका प्रशासक के अधीन है अतः जिला प्रशासन द्वारा इस प्रस्तावित वृद्धि को स्थगित कर इस विषय पर जन संगठनों के साथ चर्चा हेतु अविलंब बैठक बुलाई जानी चाहिए।