जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्डटनकपुर और चंपावत के मध्य होगा फुटबॉल फाइनल
आज 29 अगस्त को लक्ष्मण सिंह महर परिसर के खेल मैदान में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय फुटबाल पुरुष प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन परिसर निदेशक डॉ हेम चन्द्र पांडेय, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली और अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ धर्मेंद्र उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया।
शुभारंभ करते हुए परिसर निदेशक डॉ हेम चंद्र पांडेय ने कहा कि अंतर महाविद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता में टीमें काफी उत्साह के साथ भाग ले रहीं है। इस प्रकार की प्रतियोगिता अगर समय-समय पर यदि होती रहेगी तो छात्रों में पढ़ाई के उबाउपन से निकलने का मौका मिलेगा। तब वह पूरे जोश के साथ पढ़ाई में जुड़ सकेंगे।
इससे पहले परिसर निदेशक ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुँचे सभी सम्मानित अतिथियों को शाल, बुके व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उद्घाटन मुकाबला बागेश्वर कैम्पस और टनकपुर महाविद्यालय के मध्य खेला गया । जिसमें टनकपुर ने बागेश्वर को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से शिखास्त दी। जबकि दूसरा मुकाबला लोहाघाट और चंपावत के मध्य कांटे का हुआ। दोनों ही टीम निर्धारित समय में एक-एक ही गोल कर सकीं। जबकि मुकाबला अतिरिक्त समय में चंपावत ने 3-2 से जीत हासिल की।तीसरा मैच और पहला सेमीफाइनल पिथौरागढ़ और टनकपुर के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में निर्णय पेनाल्टी शूट आउट में गया। जिसमें जीत टनकपुर के हाथ लगी। इस जीत के साथ टनकपुर फाइनल में पहुँच गया। चौथा मैच और दूसरा सेमीफाइनल अल्मोड़ा और चंपावत के मध्य खेला गया। जिसमें चंपावत ने अल्मोड़ा को 3-0 से हरा दिया। शुक्रवार को टनकपुर और चंपावत के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। मंच संचालन डॉ कौशल किशोर बिजल्वाण ने किया। मैच में रेफरी की भूमिका में पवनेश, मनोज कनवाल, कैलाश लसपाल,यतीश ओझा, भूपेंद्र सिंह चौहान, नितिन उप्रेती, कवींद्र मेहता,जितेंद्र बिष्ट, अकरम खान, अक्षित आदि रहे।
इस मौके पर लोहाघाट से डॉ अतुल अधिकारी, डॉ प्रकाश सिंह, चंपावत से डॉ भगवान सिंह, डॉ हनुमंत ओली, बागेश्वर से डॉ प्रवीण कुमार, महिपाल सिंह, टनकपुर से डॉ दीपक पंचोली, डॉ विमल जोशी, अल्मोड़ा से डॉ खगेंद्र खोलिया, एलएसएम परिसर पिथौरागढ़ से डॉ योगेश चंद्र जोशी ने बतौर टीम प्रभारी प्रतिभाग किया। इस मौके पर एलएसएम के क्रीड़ा विभागाध्यक्ष डॉ जगदीश सिंह बिष्ट, डॉ दीपक प्रकाश , डॉ खीमानंद बिनवाल, डॉ एसएस मेहता, अर्जुन सिंह जगेड़ा आदि मौजूद रहे।