जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिला अस्पताल अल्मोड़ा में करीब दो माह से फिजिशियन का पद खाली होने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने कहा कि करीब एक सप्ताह पहले भाजपा के आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति कर दी जाएगी। लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी अस्पताल में फिजिशियन की तैनाती नहीं हो सकी है।
वैभव पांडे ने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता से एक सप्ताह में डॉक्टर की नियुक्ति का वादा किया था। अब जनता उनसे पूछ रही है कि वह एक सप्ताह आखिर कब आएगा? उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को डॉक्टर की जरूरत है, बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस की नहीं।
उन्होंने कहा कि फिजिशियन का पद लंबे समय से खाली होने के कारण बड़ी संख्या में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंभीर और जरूरतमंद मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार दावे और घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर मरीजों की परेशानी कम नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार और भाजपा नेताओं को यह बताने के बजाय कि उन्होंने किससे मुलाकात की, अब यह स्पष्ट करना चाहिए कि फिजिशियन की नियुक्ति आखिर कब होगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति का दावा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त हो चुकी है। ऐसे में भाजपा नेताओं को जनता के सामने आकर अपने दावे की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
वैभव पांडे ने कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए। श्रेय लेने की राजनीति से मरीजों का इलाज नहीं होता। जिला अस्पताल पहाड़ की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है और यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद लंबे समय तक खाली रहना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने सरकार से बिना किसी और देरी के जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति करने की मांग की। साथ ही भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि उनका एक सप्ताह में नियुक्ति का दावा सही था तो अब तक डॉक्टर की तैनाती क्यों नहीं हुई?
उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द फिजिशियन की नियुक्ति नहीं हुई तो कांग्रेस जनता की इस समस्या को लेकर सड़क पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हजारों मरीजों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।