Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा 7 दिसंबर, 2024 जनपद में मा0 मुख्यमंत्री घोषणाओं में विभागों द्वारा किए गए अद्यतन कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त घोषणाओं में किए गए  कार्यों को जानकारी विभागीय अधिकारियों से प्राप्त कर कार्यों को  समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिये।



बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियो को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय साथ  ही जो समय अवधि निर्धारित की गयी है उसी के अन्तर्गत सभी विकास कार्य किये जाय, इस कार्य में किसी प्रकार कि लापरवाही न बरती जाए। कहा कि कार्य ऐसे किए जाएं कि 15 – 20 वर्षों तक उनमें कोई भी कार्य कराने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किए गए कार्य की प्रगति रिपोर्ट और  व्यय धनराशि रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को समय से भेजी जाए।  उन्होंने कहा कि जिन विभागों में मुख्यमंत्री घोषणाएं शासन स्तर पर लंबित है उन घोषणाओं के लिए शासन को समय-समय पर पत्राचार किया जाय।


   जिलाधिकारी ने कहा कि होने वाले नवीन कार्यों का फील्ड विजिट कर तथा स्टीमेट बनाकर टेंडर प्रक्रिया को करना सुनिश्चित करें साथ जो कार्य पूर्ण हो चुके है उन कार्यों का उपयोगिता प्रमाण पत्र सम्बन्धित विभाग को समय से भेजना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने पेयजल, चिकित्सा, संस्कृति, सिंचाई, पर्यटन, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, जल संस्थान, विद्युत, पर्यटन, बाल विकास, शहरी विकास, उद्यान विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के द्वारा वर्तमान में किए गए कार्यों की क्रमवार समीक्षा की और निर्देश दिए अपने अपने स्तर के सभी कार्यों को ससमय किया जाय। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो घोषणाएं अपूर्ण हैं उनमें त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रगति लाएं। जिन घोषणाओं में नाम परिवर्तन होना है अथवा विलोपन होना है, उनके लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द करें। कहा कि जो घोषणाएं धरातल पर संभव नहीं है उनके विलोपन के लिए समय से पत्राचार किया जाए।
जिला अर्थ एवं संख्या विभाग कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 से आतिथि तक मा0 मुख्यमंत्री द्वारा जनपद में 416 घोषणाएं की गई हैं जो जनपद के 25 विभागों से संबंधित हैं। इन घोषणाओं में 305 घोषणाएं पूर्ण तथा 111 घोषणाएं अपूर्ण है। अपूर्ण घोषणाओं में से 73 घोषणाएं शासन स्तर पर तथा 38 घोषणाएं जनपद स्तर पर लंबित चल रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अपूर्ण घोषणाओं में जल्द प्रगति लाकर उन्हें पूर्ण किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आरसी पंत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रेनू भंडारी सहित समस्त संबंधित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।