जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में इन दिनों ऑडियोमैट्री कक्ष का निर्माण तेज़ी से जारी है। यह महत्वपूर्ण कदम सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। वर्षों से बंद पड़ा ऑडियोमैट्री विभाग उनकी पहल से फिर से सक्रिय हुआ, जिससे सैकड़ों मरीजों को राहत मिल रही है।

अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने में उनका योगदान लगातार बढ़ रहा है। उनके प्रयासों से अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की सफल शुरुआत हो चुकी है, जहाँ प्रति सप्ताह लगभग छह ऑपरेशन नियमित रूप से किए जा रहे हैं। इससे मरीजों को बाहरी इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा।
संजय पाण्डे की पहल पर ENT विभाग में एंडोस्कोपिक ऑपरेशन भी अब अल्मोड़ा में संभव हो पाए हैं। कान के पर्दों को बदलने की आधुनिक एंडोस्कोपिक विधि ने इलाज की गुणवत्ता और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार किया है।
महिला अस्पताल में बंद पड़ी सर्जिकल सेवाएँ फिर से शुरू करवाई गई हैं। एक्स-रे मशीन की मरम्मत का जरूरी पार्ट अस्पताल पहुँच चुका है और इंजीनियर के आते ही मशीन फिर से चालू कर दी जाएगी।
इसी के साथ नई एक्स-रे मशीन, आधुनिक ऑडियोमैट्री उपकरण और कलर डॉपलर मशीन का प्रस्ताव भी विभागीय उच्च अधिकारियों को भेजा गया है, जो अनुमति प्रक्रिया में है।
विशेष बात यह है कि इन सभी उपलब्धियों के पीछे न कोई आंदोलन हुआ, न कोई राजनीतिक दबाव—सिर्फ एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता की ईमानदार कोशिशों ने इन कार्यों को संभव बनाया।
संजय पाण्डे इन सफलताओं का श्रेय अपने दिवंगत माता-पिता और ईश्वर की कृपा को देते हैं।
उनकी दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता ने अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और नई गति प्रदान की है।