Tue. Mar 3rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा— अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थित होती स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर आज अल्मोड़ा के जनप्रतिनिधियों एवं रेडक्रॉस सोसाइटी ने प्राचार्य का घेराव किया।


घेराव के दौरान पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज को करोड़ों रुपये दिए गए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही से स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल होती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन की लापरवाही को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते आज जनहित में प्राचार्य से जवाब-तलब किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कैथ लैब की स्वीकृति सरकार पहले ही दे चुकी है, लेकिन मेडिकल कॉलेज की हीलाहवाली के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। साथ ही, डायलिसिस सेवा प्रारंभ करने के लिए अभी तक कोई आवश्यक कार्यवाही उच्च स्तर पर नहीं की गई है। बिट्टू कर्नाटक ने यह भी कहा कि गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन के दौरान चार यूनिट ब्लड की अनिवार्य मांग मरीजों के परिजनों को अनावश्यक परेशानी देती है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज की एम्बुलेंस सेवा पर भी रोष जताते हुए कार्डियो एम्बुलेंस खरीदने की मांग की।

रेडक्रॉस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने चिकित्सकों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए मांग की कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और परिजनों से चिकित्सक संवेदनशीलता से बात करें। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकों के लिए माह में एक बार अनुशासन कक्षा आयोजित करने का भी सुझाव दिया। बेस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चार व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की भी मांग की गई, जिस पर प्राचार्य ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सकारात्मक परिणाम:
वार्ता के दौरान प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा ने आश्वस्त किया कि आने वाले चार महीनों में कैथ लैब प्रारंभ कर दी जाएगी, जिससे हृदय रोगियों को अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कार्डियो एम्बुलेंस व डायलिसिस सेवा को भी शीघ्र शुरू करने पर सकारात्मक आश्वासन दिया।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यदि अब भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन की हीलाहवाली जारी रही और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, तो इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

घेराव और वार्ता कार्यक्रम में पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, रेडक्रॉस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, हरीश कनवाल, भगवत आर्या, पारू उप्रेती, अमित साह, अभिषेक जोशी, अर्जुन बिष्ट, कैलाश गुरूरानी, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, रीता दुर्गापाल, पुष्पा सती, आशा कर्नाटक, हरीश बिष्ट, ललित जनौटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मौके पर प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा एवं चिकित्सा अधीक्षक अमित कुमार भी मौजूद रहे।