Wed. Aug 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा, 12 दिसंबर 2025 लोवर मॉल रोड स्थित आईएसबीटी के संचालन को लेकर आज कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नगर की मॉल रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसका एक प्रमुख कारण बसों का देर तक सड़क किनारे खड़ा रहना है। इससे आम जनता और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


जिलाधिकारी ने यात्रियों एवं नगरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कहा कि रोडवेज बसों का संचालन वैकल्पिक स्थान से किया जाना आवश्यक प्रतीत होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि केमू स्टेशन पार्किंग के निर्माण पूर्ण होने तक जीजीआईसी के निकट नवनिर्मित पार्किंग से बसों के संचालन की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में बसों का संचालन नवनिर्मित पार्किंग से किया जाता है, तो यात्रियों को असुविधा नहीं होगी और नगर का यातायात भी सुचारु रूप से संचालित रहेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस संबंध में एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि नगर की यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा आड़े-तिरछे खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, एआरएम रोडवेज आर.सी. तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed